सोनपुर मेले में हाथियों की एंट्री पर सख्ती, धार्मिक स्नान के लिए भी लेनी होगी पहले अनुमति; वन विभाग ने जारी की नई गाइडलाइंस

Live Zone

लाइव ज़ोन || समीर खान

सोनपुर मेला 2026: बिना अनुमति हाथी लाने पर होगी कार्रवाई, खरीद-बिक्री और क्रूरता पर भी प्रतिबंध
पटना/सारण, 12 नवंबर 2026। बिहार के प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले को लेकर वन विभाग ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इस बार मेले में हाथियों को लाने और रखने के नियम पहले से अधिक सख्त कर दिए गए हैं। अब धार्मिक स्नान जैसे पारंपरिक आयोजनों के लिए भी हाथी लाने से पहले वन विभाग और मेला प्राधिकार से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

बिना अनुमति हाथी लाना माना जाएगा गैरकानूनी
वन विभाग के निर्देश के मुताबिक, हाथी मालिकों को निर्धारित प्रपत्र में पहले से आवेदन करना होगा। इसके बाद सारण वन प्रमंडल (छपरा) और मेला प्राधिकार से अनुमति प्राप्त करनी होगी।
बिना पूर्व अनुमति के हाथी को मेला परिसर में लाना, रखना या उसका प्रदर्शन करना गैरकानूनी माना जाएगा।

राज्य के बाहर से हाथी लाने पर भी नियम
यदि कोई हाथी बिहार से दूसरे राज्य में ले जाया जाता है या दूसरे राज्य से बिहार लाया जाता है, तो इसके लिए मुख्य वन्यप्राणी प्रतिपालक, बिहार की अनुमति लेना भी जरूरी होगा। वैध अनुमति और ट्रांजिट परमिट के बिना हाथियों का परिवहन दंडनीय होगा।

हाथी मालिकों को देना होगा स्व-घोषणा पत्र
हाथी मालिकों को स्व-घोषणा पत्र देना होगा। इसमें यह स्पष्ट करना होगा कि वे अपनी इच्छा से धार्मिक प्रयोजन के लिए हाथी को मेले में ला रहे हैं।
इसके अलावा हाथियों के रहने, भोजन और देखभाल की जिम्मेदारी भी मालिकों की होगी। हाथियों के साथ क्रूर व्यवहार और उन्हें कष्ट पहुंचाने वाले प्रदर्शन पर रोक रहेगी।

हाथियों की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि लागू कानूनी प्रावधानों के तहत हाथियों की अवैध खरीद-बिक्री, व्यापार और हस्तांतरण पर प्रतिबंध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

22 नवंबर से शुरू होगा सोनपुर मेला
विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने की जानकारी सामने आई है। हर साल यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। नई गाइडलाइंस का उद्देश्य हाथियों की सुरक्षा, पशु क्रूरता पर रोक और मेले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।