लाइव ज़ोन || समीर खान
बिहार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई कंपनियों को सुधार नोटिस
पटना, 29 अक्टूबर 2026। बिहार में लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना, गया और गोपालगंज में कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पटना स्थित Shakera Food Products पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 24 लाख रुपये मूल्य की 9,600 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई। विभाग ने कंपनी का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया।
विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दीदारगंज स्थित Jaya Nutrition Pvt. Ltd. और RB Nutrition Pvt. Ltd. में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों को नियमों के अनुसार कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया है।

वहीं, Akanksha Foods Pvt. Ltd. में खुले आटे का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। इस प्रतिष्ठान को भी 14 दिनों के भीतर सुधार करने का नोटिस दिया गया है।
खाद्य संरक्षा विभाग ने निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में खाद्य सामग्री जब्त करने और उसे नष्ट करने की कार्रवाई भी की। इसके अलावा सरसों तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच से जुड़ी कार्रवाई की गई।
विभाग का उद्देश्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखना, मिलावट पर रोक लगाना और लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्देश दिए गए हैं।
