निरंतर अध्ययन, जिज्ञासा, अनुशासन और कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी : डीजीपी विनय कुमार
– समीर खान की रिपोर्ट
पटना, 6 सितम्बर : कॉलेज ऑफ कॉमर्स,आर्ट्स एंड साइंस का 78वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को गौरवपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.उपेन्द्र प्रसाद सिंह ने की।समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।निरंतर अध्ययन,जिज्ञासा,अनुशासन और कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक क्षण का सदुपयोग करने,नई तकनीक और नवाचार से जुड़े रहने तथा ज्ञान अर्जित करने की निरंतर जिज्ञासा बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में उच्च शिक्षा के विकास की यात्रा अनेक शिक्षाविदों और समाजसेवियों के त्याग एवं समर्पण से तैयार हुई है। उन्होंने कॉलेज ऑफ कॉमर्स की गौरवशाली परंपरा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इस महाविद्यालय पर पूरे राज्य को गर्व है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो.उपेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि कॉलेज की 78 वर्षों की यात्रा केवल समय का कालखंड नहीं,बल्कि संकल्प,संघर्ष और बौद्धिक चेतना की गौरवगाथा है।उन्होंने कहा कि तकनीक और तेजी से बदलते दौर में विद्यार्थियों को नए ज्ञान एवं तकनीक के साथ संवेदनशील मन, विवेकपूर्ण सोच और मजबूत व्यक्तित्व का निर्माण करना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री या रोजगार प्राप्त करना नहीं,बल्कि बेहतर मनुष्य और बेहतर समाज का निर्माण करना है।महाविद्यालय की प्रधानाचार्य प्रो.सुनीता राय ने कहा कि पंडित इंदू शेखर झा के प्रयासों से स्थापित यह महाविद्यालय 78 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर रहा है।इन वर्षों में महाविद्यालय ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।उन्होंने महाविद्यालय की शोध उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भौतिकी,भूगोल तथा अन्य विज्ञान विषयों में कई शोध परियोजनायें संचालित की जा रही हैं।आइक्यूएसी समन्वयक प्रो.संतोष कुमार ने महाविद्यालय के विकास एवं शोध गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

समारोह में प्रधानाचार्य प्रो. सुनीता राय द्वारा महाविद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षकों प्रो.आनंद मूर्ति, प्रो.पद्मिनी प्रसाद एवं प्रो. तारिक़ फातमी तथा एक शिक्षकेतर कर्मचारी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अंग्रेजी विभाग की शोध पत्रिका का विमोचन भी किया गया।इस अवसर पर विश्वविद्यालय की प्रॉक्टर प्रो.कीर्ति,परीक्षा नियंत्रक प्रो.मनोज कुमार,शिक्षक संघ के महासचिव डॉ. अजय कुमार,शोध पत्रिका के संपादक प्रो.कुमार चंद्रदीप तथा शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रौशन कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक,शोधार्थी, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्र-छात्रायें उपस्थित थे।
