पटना में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Live Zone

-लाइव ज़ोन || समीर खान

पटना, 29 अक्टूबर 2026। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार, 28 अक्टूबर को पटना में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कारगिल चौक से गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर तक पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आम लोग मौजूद रहे।

कारगिल चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिशों को देश की जनता सफल नहीं होने देगी। उन्होंने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद वह लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने वालों को माफ नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार ने लोगों को बुनियादी सुविधाएं देने, उनके जीवन स्तर में सुधार लाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति मजबूत करने के लिए काम किया है। उनके अनुसार, इसी वजह से जनता बार-बार भाजपा और उसके सहयोगियों पर भरोसा जता रही है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा संघर्ष के बल पर यहां तक पहुंची है। पार्टी जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव में हार के बाद अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत माता-पिता के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि सभ्य समाज में इस तरह की भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब देगी।

मुख्यमंत्री ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का जिक्र करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 202 सीटें मिली थीं। इसके बाद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली और बाद में गठबंधन के नेताओं ने उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत है और चुने गए जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही जनता के प्रति होती है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा पूरी मजबूती से खड़ी है और पार्टी जनता के साथ मिलकर काम करती रहेगी।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी लोगों को संबोधित किया। पदयात्रा में राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।