– समीर खान की रिपोर्ट
पटना (दानापुर), 22 सितम्बर: राजधानी पटना से सटे दानापुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर (मस्जिद के पास) इलाके में देर रात एक मकान को निशाना बनाकर चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने वारदात के दौरान गृहस्वामी को कमरे में बाहर से बंद कर दिया और नकदी, जेवरात व मोबाइल समेट कर फरार हो गए। घटना की पूरी करतूत सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पीड़ित परिवार ने आरोपी के घर से चोरी के मोबाइल बरामद कर पुलिस को सूचित किया है।
बाहर से कुंडी लगाकर खंगाला पूरा घर
पीड़ित नज़म खान (पिता- रहमतुल्ला खान) द्वारा दानापुर थाने में दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, घटना 22 सितंबर की देर रात करीब 2:30 बजे की है। पीड़ित अपने मकान के प्रथम तल पर सो रहे थे, तभी कुछ टूटने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। जब उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की, तो उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया गया।
शोर मचाने पर दूसरे कमरे में सो रहे उनके पिता ने आकर दरवाजा खोला। जांच करने पर घर से तीन मोबाइल फोन, एक घड़ी और एक सोने की अंगूठी गायब मिली। इसके अलावा, दूसरे तल्ले पर स्थित उनके भाई के कमरे (जो विदेश में रहते हैं) का ताला टूटा मिला। कमरे में रखी अलमारी और अटैची को तोड़कर सारा कीमती सामान चोरी कर लिया गया था।
CCTV फुटेज से खुला राज, आरोपी के घर से मोबाइल बरामद
घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने जब क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तो उसमें मोहल्ले का ही युवक मोहम्मद रिजवान उर्फ खटाई गोप (पिता- इकबाल) सीढ़ी के सहारे घर में चढ़ते और उतरते साफ दिखाई दिया।
परिजन जब आरोपी के घर पहुंचे, तो वहां से चोरी हुए तीनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए। इसके तुरंत बाद डायल 112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
मोहल्ले में दहशत, गिरोह के पर्दाफाश की मांग
आवेदन में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी एक संगठित गिरोह का संचालक है और वह पहले भी मोहल्ले में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उसके घर के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय लोग खौफ में रहते हैं।
पीड़ित परिवार ने दानापुर थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार करने और मोहल्ले को भयमुक्त बनाने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

